फरीदाबाद , मई 29 -- केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा है कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रही है।

श्री गुर्जर फरीदाबाद में जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में बड़खल विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, जिला परिषद् चेयरमैन विजय सिंह और उपायुक्त आयुष सिन्हा मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से ऑनलाइन माध्यम द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

इस दौरान अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, छैंसा में 15 डायलिसिस मशीनों के साथ नयी सेवा शुरू हुई। 470 बिस्तरों वाला यह मेडिकल कॉलेज 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं, ओपीडी, आईपीडी, आधुनिक लैब और कैंसर मरीजों के लिए डे-केयर सुविधा दे रहा है। 2022 में यहां एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू हुआ था। वर्तमान में चार बैच अध्ययनरत हैं।

बीके सिविल अस्पताल में एसएनएनपी क्लीनिक शुरू किया गया। राज्य सरकार हर सिविल एवं उप जिला अस्पताल में महिलाओं के लिए समर्पित सहायता केंद्र बना रही है। यहां महिलाओं को स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, टीबी एवं एनसीडी सेवाओं में प्राथमिकता मिलेगी।

बीके अस्पताल में अमृत फार्मेसी का भी शुभारंभ हुआ। इसका उद्देश्य कैंसर, हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं व इम्प्लांट सस्ती दरों पर देना है। देश में 257 अमृत फार्मेसियां हैं, जहां जीवनरक्षक दवाएं बाजार मूल्य से करीब 50 प्रतिशत कम दरों पर मिलती हैं।

कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल इलाज नहीं, स्वस्थ समाज का निर्माण है। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज भविष्य में हरियाणा में चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित