जामताड़ा , जुलाई 31 -- झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और सरकारी अस्पतालों की दुर्दशा को लेकर बीजेपी ने शुक्रवार को जामताड़ा में बड़ा प्रदर्शन किया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में हजारों बीजेपी कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय तक पैदल मार्च कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस मार्च में पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक सीता सोरेन, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह और सत्यानंद झा भी शामिल हुए। समाहरणालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर जमकर हमला बोला।
श्री मरांडी ने कहा, "जब से इरफान अंसारी स्वास्थ्य मंत्री बने हैं तब से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। एम्बुलेंस की स्थिति खराब है। सरकारी अस्पताल मौत का केंद्र बन गए हैं। इलाज के अभाव में पूरे राज्य में रोज मरीज दम तोड़ रहे हैं।"स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले जामताड़ा में हाल ही में एक प्रसूता और नवजात की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "अपने ही क्षेत्र में लोगों की जान नहीं बचा पा रहे हैं। ऐसे निकम्मे मंत्री को नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाने वालों पर झूठे मुकदमे कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित