भरतपुर , जून 05 -- राजस्थान में करौली जिले में स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछाप चिकित्सकों और नीम हकीमों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सपोटरा और मंडरायल खंडों में कई अवैध क्लिनिक और दुकानों को शुक्रवार को सीज कर दिया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सपोटरा खंड में खंड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. मनोज कुमार मीणा, तहसीलदार दिलीप अग्रवाल और आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. दुर्गेश मीणा के संयुक्त दल ने विनोद कुमार के क्लीनिक और सपोटरा में संजीत कुमार विश्वास के क्लीनिक को सीज कर दिया।
मंडरायल खंड में बीसीएमओ डॉ. महेश मीणा और तहसीलदार के नेतृत्व में गठित दल ने चार झोलाछाप चिकित्सकों की दुकानों को सीज किया। टोडाभीम और गुढ़ाचंद्रजी क्षेत्रों में भी दलों ने झोलाछापों के खिलाफ दबिश दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित