पटना , अक्टूबर 25 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को कहा कि बिहार में मिलावटखोरों के खिलाफ स्वास्थ्य मंत्री निशांत के नेतृत्व में चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान का सकारात्मक असर दिखने लगा है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति से आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो रही है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने आज जारी बयान में कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के विरुद्ध स्वास्थ्य मंत्री की सख्ती सराहनीय है। राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान से खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और वितरण में अनियमितता करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि खाद्य संरक्षा विभाग की ओर से अब तक राज्यभर में 531 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया जा चुका है। मानकों का उल्लंघन करने वाले दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए हैं, जबकि 15 प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियोजन दायर किया गया है। इसके अलावा, एक्सपायरी हो चुकी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया है। इसके साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों को सख्त चेतावनी भी दी गई है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि श्री निशांत ने स्पष्ट कर दिया है कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और सख्त कार्रवाई से आम लोगों में संतोष का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित