भुवनेश्वर , मई 13 -- ओडिशा में केंद्रपाड़ा जिले के करिलोपाटना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को सीने में दर्द का इलाज कराने आये मरीज को गलती से रैबीज का इंजेक्शन लगा दिया गया।
मरीज की पहचान अनंत जेना के रूप में हुई है, जो सीने में दर्द की शिकायत लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रैबीज का टीका लगवाने आया एक अन्य मरीज उनके बगल में ही बैठा था।
सूत्रों के अनुसार फार्मासिस्ट सुधीर दलाई से बड़ी चूक हो गयी और उन्होंने सही मरीज के बजाय जेना को ही रैबीज का टीका लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद जब जेना को चक्कर और घबराहट महसूस हुई तो उन्होंने फार्मासिस्ट को जानकारी दी। अपनी गलती का एहसास होने पर फार्मासिस्ट ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए केंद्रपाड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉक्टर सुनील कुमार साहू ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब केंद्रपाड़ा से समीक्षा टीम के आने के कारण स्वास्थ्य केंद्र में काफी भीड़ थी। उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया कि रैबीज का टीका सुरक्षित है और इससे मरीज की जान को कोई खतरा नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित