कांकेर , जून 20 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संगठन ने एक ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक के निलंबन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा निलंबन आदेश की समीक्षा की मांग की है।

संगठन के पदाधिकारियों ने शनिवार को कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुरीस्टीकुर में पदस्थ ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक एवं संगठन के जिला उपाध्यक्ष खगेन्द्र कुमार सोनकर के खिलाफ की गई निलंबन कार्रवाई एकतरफा और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।

संगठन का दावा है कि वर्ष 2013 से उप स्वास्थ्य केंद्र कुरीस्टीकुर में पदस्थ सोनकर ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई है तथा उनके कार्यकाल के दौरान कार्य में गंभीर लापरवाही संबंधी कोई शिकायत सामने नहीं आई।

संगठन के अनुसार निलंबन से पूर्व संबंधित कर्मचारी को न तो कोई लिखित नोटिस दिया गया और न ही व्यक्तिगत रूप से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024-25 के एक पुराने प्रकरण को आधार बनाकर निलंबन आदेश जारी किया गया है, जबकि उस मामले में मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब समय पर विभाग को सौंप दिया गया था। संगठन ने दावा किया कि उसके पास जवाब जमा करने के प्रमाण भी उपलब्ध हैं।

संगठन का कहना है कि यदि कर्मचारी का स्पष्टीकरण विभाग को संतोषजनक नहीं लगा था तो नियमानुसार उसी समय आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। अब पुराने मामले को आधार बनाकर निलंबन को उचित ठहराने का प्रयास किया जा रहा है।

संगठन के जिलाध्यक्ष रामेश्वर कुमार साहू ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के बजाय कुछ अधिकारियों द्वारा दबाव की राजनीति की जा रही है तथा कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच, निलंबन आदेश की समीक्षा तथा संबंधित कर्मचारी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिए जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संगठन आंदोलन की रणनीति बना सकता है। हालांकि, इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित