जयपुर , सितम्बर 04 -- राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर प्रदेश में स्वायत्त शासन मंत्री की शक्तियां सीज कर अधिकतर शक्तियां नौकरशाही को देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में पहली बार हुआ है कि चुने हुये जनप्रतिनिधि और मंत्रियों तक की सुनवाई नौकरशाही नहीं कर रही है।

श्री डोटासरा ने शुक्रवार को यहां प्रेस वार्ता में कहा कि विधानसभा चुनाव के पश्चात जब लोकसभा चुनाव हुए तो प्रदेश के स्वायत्त शासन मंत्री की शक्तियां सीज कर ली और अधिकतर शक्तियां नौकरशाही को दी गयी, जो आज की तारीख में भी प्रदेश के स्वायत्त शासन मंत्री के पास कोई महत्वपूर्ण फाइलें नहीं जाती है। उन्होंने कहा कि सीकर में मास्टर प्लॉन डेढ़ साल तक जिसका गजट नोटिफिकेशन ही निकलना था को जांच के नाम रोके रखा गया। विधानसभा में घोषणा की गयी कि दिसम्बर, 2025 में जारी हो जायेगा, किन्तु आज दिन तक यह मास्टर प्लॉन लागू नहीं हुआ और कब लागू होगा, यह मंत्री बताने में सक्षम नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार जिस प्रकार तानाशाही कर रही है, वह निन्दनीय है, लोकतंत्र पर प्रहार है, बीकानेर के देशनोक में कांग्रेस के उम्मीदवार ओमप्रकाश मूंदड़ा पर लगातार भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया गया और जब उन्होंने कांग्रेस से उम्मीदवार बनकर पर्चा भरा तो उनके खिलाफ दबाव बनाने के लिये एसीबी का मुकदमा दर्ज करा दिया गया और चुनाव ना लड़ने के लिये प्रताड़ित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित