कोरबा, जनवरी 12 -- छत्तीसगढ में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर कोरबा जिले के कटघोरा में श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। यह आयोजन कटघोरा के मेला मैदान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक शामिल हो रहे हैं।

इस ऐतिहासिक यात्रा के अंतर्गत कोरबा से अयोध्या तक भव्य श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के दौरान 500 से अधिक बाइक सवार श्रद्धालु अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक पहुंचेंगे।

आयोजन के अंतर्गत 3 अरब 33 करोड़ 33 लाख राम नाम लेखन का लक्ष्य रखा गया है, जिसे मात्र 6 दिनों में पूर्ण किया गया है। यह अभियान श्रद्धा, संकल्प और सामाजिक सहभागिता का अद्भुत उदाहरण माना जा रहा है।

यात्रा के समापन अवसर पर मकर संक्रांति के दिन अयोध्या में सरयू नदी में पावन स्नान किया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालु तिल-गुड़ एवं खिचड़ी का विधिवत अर्पण करेंगे।

यह संपूर्ण आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में संपन्न हो रहा है, जिसका उद्देश्य सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।

कार्यक्रम स्थल पर भजन-कीर्तन, राम नाम जप और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित