ब्यावर , मार्च 31 -- राजस्थान के ब्यावर में श्री सीमेंट लिमिटेड की सीएसआर शाखा श्री फाउंडेशन ट्रस्ट दो से पांच अप्रैल तक आध्यात्मिक गुरु एवं 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट' के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी के सानिध्य में 'कृष्ण नीति दर्शन' कथा का आयोजन करेगी।
ब्यावर के बांगुर नगर में आयोजित इस कथा का विषय 'ज्ञान से जीवन दिशा और सेवा' होगा तथा ट्रस्ट की सीएसआर पहल के तहत इसका आयोजन प्रतिदिन सायं चार से शाम सात बजे तक किया जाएगा, जिसका उद्देश्य मूल्यों पर आधारित विकास और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक नीरज अखौरी ने बताया कि स्वामी गोविंद देव गिरी की मौजूदगी में हो रहे इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की शाश्वत शिक्षाओं पर आधारित यह कथा धर्म, कर्म और सेवा के संबंध में गहन अंतर्दृष्टि प्रदान करेगी और लोगों को एक अधिक सामंजस्यपूर्ण एवं ज़िम्मेदाराना समाज के निर्माण में अपनी भूमिका पर चिंतन करने के लिए प्रेरित करेगी। इसके साथ ही, यह सामूहिक चिंतन और लर्निंग के लिए एक मंच के रूप में भी कार्य करेगी।
श्री अखौरी ने कहा कि समुदायों को न सिर्फ प्रगति के माध्यम से बल्कि साझा मूल्यों एवं आध्यात्मिक आयोजनों के द्वारा भी सशक्त बनाया जा सकता है। भगवान कृष्ण की शिक्षाओं पर आधारित यह कथा लोगों को आत्म चिंतन के लिए प्रेरित करेगी, उनमें सेवा की भावना को प्रोत्साहित करते हुए प्रयोजन एवं उत्तरदायित्व के साथ जोड़ेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित