मुंबई , जून 22 -- प्रसिद्ध लेखक, गीतकार, अभिनेता, संगीतकार और कहानीकार स्वानंद किरकिरे एक बार फिर फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी के साथ उनकी आगामी साइबर क्राइम सीरीज़ प्रीतम एंड पेड्रो के लिए जुड़ रहे हैं।प्रीतम एंड पेड्रो के लिए स्वानंद ने एक खास रेट्रो अंदाज़ का गीत लिखा है, जो आधुनिक कहानी में पुरानी यादों और भावनाओं का एक खूबसूरत रंग जोड़ने वाला है। इस गीत को मशहूर गायिका श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज़ दी है, इसका संगीत शांतनु मोइत्रा ने तैयार किया है और इसे अभिनेत्री मोना सिंह पर फिल्माया गया है, जो इस सीरीज़ में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

राजकुमार हिरानी द्वारा निर्मित और क्रिएट की गई प्रीतम एंड पेड्रो एक महत्वाकांक्षी साइबर क्राइम ड्रामा है। इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले राजकुमार हिरानी, अभिजात जोशी और सुयश त्रिवेदी ने मिलकर लिखा है। इस सीरीज़ का निर्देशन चर्चित फिल्ममेकर अविनाश अरुण ने किया है, जो थ्री ऑफ अस, किल्ला और पाताल लोक जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते हैं। सीरीज़ में अरशद वारसी, विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी और मोना सिंह जैसे कलाकार नज़र आएंगे। इसके साथ ही यह राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी की अभिनय की शुरुआत भी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित