देवास , मई 13 -- मध्यप्रदेश में देवास जिले के हाटपिपल्या क्षेत्र में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष टिकेंद्र प्रताप सिंह के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मंच टूटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष टिकेंद्र प्रताप सिंह के सम्मान में मंच तैयार किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंच पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की संख्या अधिक हो गई, जिससे अचानक मंच टूट गया। उस समय जिलाध्यक्ष भी मंच पर मौजूद थे और उनका स्वागत किया जा रहा था।
घटना के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई। मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति संभाली और कार्यक्रम आगे जारी रहा।
उल्लेखनीय है कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष टिकेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को देवास स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पदभार ग्रहण किया था। इसके बाद वे क्षेत्रीय दौरे पर निकले थे और विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जा रहा था। इसी क्रम में हाटपिपल्या क्षेत्र में यह घटना हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित