छिंदवाड़ा , सितंबर 30 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में स्वाइन फ्लू से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद जिला अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित आइसोलेशन वार्ड को सैनिटाइज कर बंद कर दिया है। वार्ड में तैनात डॉक्टरों और कर्मचारियों को संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

अतरवाड़ा निवासी बुजुर्ग को बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद 15 सितंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच रिपोर्ट में 23 सितंबर को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। करीब दो सप्ताह के उपचार के बाद मंगलवार सुबह उनकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार बुजुर्ग की कई दिनों से तबीयत खराब थी। अस्पताल में भर्ती करने के बाद चिकित्सकों ने लक्षणों और स्थिति के आधार पर उपचार शुरू किया था। स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद मरीज को अन्य मरीजों से अलग रखकर उपचार दिया गया। मरीज की निगरानी के लिए दो डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई थी तथा वार्ड के कर्मचारियों को मास्क सहित आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए थे।

मरीज की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर संबंधित आइसोलेशन वार्ड को सैनिटाइज कराया और फिलहाल बंद कर दिया है। वार्ड में तैनात कर्मचारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार फिलहाल स्वाइन फ्लू का कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे ने बताया कि स्वाइन फ्लू पीड़ित बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हुई है। प्रोटोकॉल के तहत शव को वाहन से अतरवाड़ा भेजा गया और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिवार को सौंपा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित