जालौन , सितंबर 3 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को जिले में स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई को अलर्ट किया गया है।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि संदिग्ध मरीजों के उपचार के लिए 28 से 30 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है।
डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि स्वाइन फ्लू से ग्रसित होने के संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मरीजों के उपचार के लिए स्वाइन फ्लू की दवा और सिरप भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जरूरत के अनुसार वैक्सीनेशन की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि इस समय कुछ लोगों में सीजनल बुखार की शिकायत देखने को मिल रही है। सर्दी-जुकाम और बुखार होने पर लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाते समय मास्क लगाने की अपील की।
प्रधानाचार्य ने कहा कि खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को कपड़े या रूमाल से ढककर रखें तथा हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान दें। लक्षण अधिक होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित