कपूरथला , जून 21 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेते हुए पंजाब मे कपूरथला के उपायुक्त आकाश बंसल ने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की सबसे प्रभावी विधाओं में से एक है।

एमजीएन पब्लिक स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि योग कई जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और फिट रखता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो सदियों से लोगों को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता रहा है। आज के तेज़ रफ्तार जीवन में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक स्वस्थ और रोगमुक्त समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकता है।

उपायुक्त ने लोगों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा योग के लिए निकालने की अपील करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास से शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार के लाभ प्राप्त होते हैं। योग शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित कर जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल शारीरिक फिटनेस के लिए ही नहीं, बल्कि तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

आकाश बंसल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा संचालित सीएम दी योगशाला कार्यक्रम के माध्यम से राज्यभर में योग को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इस योजना के तहत प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक लोगों को उनके घरों के निकट योग का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ योग के लाभों के बारे में जागरूक भी कर रहे हैं।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, कपूरथला द्वारा आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 461 लोगों ने भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योग आसनों और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित