गोपालगंज , सितंबर 20 -- िहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटे जाने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि शनिवार की शाम दो बाइक पर सवार करीब चार अपराधियों ने जमुनहा बाजार-भृंगीचक मार्ग पर बसवारी के समीप स्वर्ण व्यवसायी हरेंद्र वर्मा को घेर लिया और गहनों से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर व्यवसायी को घायल कर दिया। शोर मचाने पर लोगों के जुटने की आहट पाकर अपराधियों ने हवाई फायरिंग की और फरार हो गये। भागने के दौरान एक बाइक घटनास्थल पर ही छूट गयी।

सूत्रों ने बताया कि घटना के उद्भेदन के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।पुलिस घटनास्थल से बरामद बाइक के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। टीम ने जमुनहा बाजार से भृंगीचक मार्ग तक लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। फुटेज के माध्यम से अपराधियों द्वारा व्यवसायी का पीछा किये जाने और घटना के बाद फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले में विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित