विजयवाड़ा , फरवरी 13 -- ंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को विधानसभा में 'स्वर्ण आंध्र विजन 2047' के तहत 2.4 ट्रिलियन डॉलर (2.4 लाख करोड़ डॉलर) की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि जब 2047 में भारत दुनिया की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनेगा, तब आंध्र प्रदेश उसमें सबसे आगे होगा।

श्री नायडू ने आंध्र प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा, "हमारा लक्ष्य उच्च प्रति व्यक्ति आय और जीवन की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है-एक स्वस्थ, समृद्ध और सुखी आंध्र प्रदेश।" वह सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर हुयी चर्चा के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि सत्ता में आने के तुरंत बाद सरकार ने पिछले शासन के दौरान हुई 'तबाही' पर सात श्वेत पत्र जारी किए थे। उन्होंने 'पी4' (पब्लिक-प्राइवेट-पीपल पार्टनरशिप) कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए इसे देश का सबसे बेहतरीन गरीबी उन्मूलन मॉडल बताया। ऊर्जा क्षेत्र के बारे में उन्होंने कहा कि राज्य अब हरित ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र आने वाले समय में ग्रीन हाइड्रोजन तथा ग्रीन अमोनिया उत्पादन के क्षेत्र में देश के लिए मॉडल राज्य बनेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित