रांची , अक्टूबर 24 -- झारखंड झारखंड में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), प्रादेशिक कार्यालय, रांची द्वारा रांची क्लब में आयोजित 'स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026' के अंतर्गत तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का शनिवार को समापन हुआ।

समापन दिवस पर राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और शंभू शरण पटेल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में विकसित भारत @2047, आत्मनिर्भर भारत तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकासपरक पहलों को चित्रों एवं सूचना सामग्रियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इसके जरिए देश की विकास यात्रा, विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति और सरकार की उपलब्धियों को आम लोगों तक सरल एवं आकर्षक रूप में पहुंचाने का प्रयास किया गया।

चित्र प्रदर्शनी में पारंपरिक तरीके से विनाइल बोर्ड पर सूचना प्रदर्शित करने के साथ-साथ एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त, विभिन्न प्रकार की बुकलेट्स और पैम्फलेट्स के जरिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। इन माध्यमों के माध्यम से लोगों तक योजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित जानकारी सहज एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाई गई।

राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और शंभू शरण पटेल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे भारत की विकास यात्रा का प्रतिबिंब बताया। उन्होंने देश की उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाने की इस पहल को सराहनीय बताया। इस अवसर पर अतिथियों ने विजिटर बुक में अपने विचार एवं प्रतिक्रियाएं भी दर्ज कीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित