सागर , सितंबर 30 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में संचालित स्वरोजगार परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों का लक्ष्य पूरा नहीं होने पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने नाराजगी जताई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने उद्यानिकी एवं कृषि विभाग के भारसाधक अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग से संबंधित आवेदनों के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए नाबार्ड के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

उन्होंने सभी विभागों को बैंकों से निरस्त आवेदनों के कारणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति को गति देने के लिए आगामी सप्ताह में बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित