श्रीगंगानगर , नवम्बर 17 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी शिक्षण संस्थाओं को भुगतान में हो रही देरी एवं विभिन्न कारणों से रोके गए बिलों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को श्रीगंगानगर के स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आरटीई प्रभारी उपनिदेशक चंद्रकिरण से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल में स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ के प्रदेश सचिव अरुण गोदारा, प्रदेश प्रवक्ता संजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष रवि काजला, सेवा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू एवं प्रदेश उपाध्यक्ष ख्याली राम साहू सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने उपनिदेशक के समक्ष वर्ष 25-26 के निजी शिक्षण संस्थाओं को आरटीई भुगतान में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान दोहरे नामांकन, आरटीई एवं नॉन आरटीई विद्यार्थियों के अनुपात में अंतर और अन्य कारणों से रोके गए बिलों के कारण संस्थाओं को हो रही परेशानियों से अवगत करवाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि उक्त समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाकर लंबित आरटीई भुगतान जारी करवाया जाए, ताकि निजी शिक्षण संस्थाओं को आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके।

आरटीई प्रभारी उपनिदेशक चंद्रकिरण ने प्रतिनिधिमंडल को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित