मुंबई , अप्रैल 08 -- स्वयंभू बाबा अशोक खरात के मामलों में अधिकारियों की ओर से की गयी सार्वजनिक अपील के बाद 11 और महिलाओं ने पुलिस से संपर्क कर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है।

मिली जानकारी के अनुसार, इन नये मामलों की किसी भी पीड़िता का वीडियो लीक या वायरल नहीं हुआ है , हालांकि उन्होंने आरोप लगाया है कि खरात ने 'ऊर्जा' और 'मन-शरीर उपचार' के अनुष्ठानों के बहाने उनका यौन शोषण किया।

इन ताजा शिकायतों के साथ खरात के खिलाफ दर्ज मामलों की कुल संख्या अब 19 तक पहुंच गयी है। पुलिस पहले से ही यौन शोषण के आठ मामलों की जांच कर रही है। इन 11 महिलाओं ने बताया है कि 2018 से वे खरात के जाल में फंसी हुई थीं। अब न्याय की गुहार लगाने के लिए आगे आयी हैं।

वीडियो साक्ष्य न होने के बावजूद पीड़ितों ने कहा है कि खरात ने उनका शोषण करने के लिए अन्य तकनीकी साधनों और जबरदस्ती का इस्तेमाल किया। सूत्रों ने खुलासा किया कि इनमें से कई महिलाएं सामाजिक कलंक और बदनामी के डर से अब तक चुप थीं।जांच टीम की अपील के बाद उन्होंने आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने का साहस जुटाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित