पौड़ी , जून 26 -- प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर पालिका परिषद पौड़ी के सभागार में शुक्रवार को आयोजित स्वनिधि महोत्सव में फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों एवं योजना का सफलतापूर्वक लाभ उठाकर अपने व्यवसाय का विस्तार करने वाले लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक पात्र व्यवसायियों से योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लीड बैंक प्रबंधक किशन सिंह नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को न्यूनतम दस्तावेजों के आधार पर त्वरित ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंक पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने लाभार्थियों से समय पर ऋण की अदायगी करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे उन्हें आगामी ऋण किश्तों और अन्य सुविधाओं का लाभ भी सहजता से मिल सकेगा।

सिटी मिशन मैनेजर जगदीश रतूड़ी ने प्रधानमंत्री स्वनिधि पुनर्गठित योजना एवं स्वनिधि से समृद्धि योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एक से 30 जून तक सभी नगर निकायों में लोक कल्याण मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत तीन नए ऋण आवेदन प्राप्त हुए। साथ ही फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को अधिकाधिक क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने, उनकी प्रोफाइलिंग करने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान बैंक अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को सरल एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत सर्वाधिक ऋण वितरित करने वाले बैंकों तथा योजना का सफलतापूर्वक लाभ लेकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने वाले फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित