जयपुर , अगस्त 06 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सभी नागरिकों के स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए आगे आने की जरूरत बताया है और कहा है कि देश के हस्तशिल्पकारों और बुनकरों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।

श्रीमती दियाकुमारी ने गुरुवार को यहां 'फ्लो कलेक्टिव-2026' प्रदर्शनी में भाग लेने के अवसर पर यह बात कही। प्रदर्शनी के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों एवं कारीगरों से उनके उत्पादों, तकनीकों और कार्यशैली की जानकारी ली। प्रदर्शनी में प्रदर्शित हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने कहा कि यहां प्रदर्शित प्रत्येक कलाकृति हमारे कारीगरों के अद्भुत कौशल, मेहनत और समर्पण की कहानी बयां करती है, जो हमारी समृद्ध विरासत को जीवंत बनाये हुए हैं।

उन्होंने कहा कि 60 से अधिक महिला-संचालित और उभरते हुए ब्रांड का एक मंच पर आना बेहद प्रेरणादायक है। यह इस बात का प्रमाण है कि राजस्थान की हथकरघा और हस्तशिल्प परंपरा सुरक्षित और सक्षम हाथों में है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को नयी पहचान मिलेगी और महिला उद्यमियों को अपने हुनर को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई देते हुए कहा कि 'फ्लो कलेक्टिव 2026' जैसे आयोजन महिलाओं को आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने और अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित