मुंबई , जुलाई 02 -- ियो स्टूडियोज़ और आटपाट प्रोडक्शन्स ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नागराज मंजुले की बहुप्रतीक्षित मराठी स्पोर्ट्स बायोपिक 'खाशाबा' का टीज़र रिलीज कर दिया है। स्वतंत्र भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता खाशाबा दादासाहेब जाधव के प्रेरक जीवन पर आधारित यह फिल्म एक जनवरी 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।फिल्म में खाशाबा दादासाहेब जाधव के संघर्ष, समर्पण और 1952 के हेलसिंकी ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने तक के प्रेरणादायी सफर को भव्य सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। पहले सिनेमाघरों में प्रदर्शित किए गए टीज़र को दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज किया गया है। टीज़र में पारंपरिक कुश्ती के अखाड़ों, विशाल सिनेमाई कैनवास और भावनात्मक कहानी की प्रभावशाली झलक देखने को मिलती है।
'फैंड्री' और 'सैराट' जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक नागराज मंजुले इस फिल्म के जरिए एक और महत्वाकांक्षी परियोजना लेकर लौट रहे हैं। फिल्म का संगीत अजय-अतुल ने तैयार किया है। खाशाबा जाधव की मुख्य भूमिका के लिए हजारों ऑडिशन के बाद एक नए कलाकार का चयन किया गया है, जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी। फिल्म में जितेंद्र जोशी, महेश मांजरेकर, गिरीश कुलकर्णी, वैभव मांगले, छाया कदम और गर्गी कुलकर्णी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
जियो स्टूडियोज़ और आटपाट प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और गर्गी कुलकर्णी ने किया है, जबकि निर्देशन नागराज मंजुले ने किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित