टिहरी गढ़वाल , जनवरी 31 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर आज जिला कलेक्ट्रेट टिहरी गढ़वाल के वीसी कक्ष में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों से जुड़े विभिन्न विषयों एवं कल्याणकारी मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रवेश द्वार के स्थलीय निरीक्षण करने तथा ईओ नगर पालिका टिहरी को अधूरे प्रवेश द्वार कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी कल्याण समिति, उत्तराखंड की अध्यक्ष प्रीति सिंह चौहान ने समिति की ओर से 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रस्तुत किया।
मांगों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में प्रवेश द्वार का निर्माण एवं उस पर सेनानियों के नाम अंकित करना, उनके आश्रितों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना, नगर पालिका परिषद टिहरी द्वारा वर्ष 2004 में निर्मित श्री हीरा सिंह चौहान स्मारक के अधूरे कार्यों को पूर्ण कराना, कुटुंब पेंशन का भुगतान, तथा स्वतंत्रता सेनानियों के प्रतिनिधियों को जिला प्रशासन की बैठकों एवं राष्ट्रीय पर्वों में आमंत्रित करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं।
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी एवं उपस्थित जनों ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में कुठठा से कप्तान सुंदर सिंह रावत (सेवानिवृत्त), टिहरी से मीणा सेमवाल, घनसाली से मोहन सिंह बुटोला, कीर्तिनगर से लक्ष्मण सिंह गुसाईं, ग्राम बुडोगी से तजवीर चौहान, कोटि से किशोर सिंह नेगी सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित