जालंधर , अगस्त 13 -- स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर जालंधर ग्रामीण पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विरक की अध्यक्षता में गुरुवार को विशेष बैठक आयोजित कर 15 अगस्त को होने वाले समारोहों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गयी। बैठक में एसपी (इन्वेस्टिगेशन) विनीत आहलावत, एसपी (हेडक्वार्टर) मुकेश कुमार सहित सभी डीएसपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में विशेष नाकाबंदी, फ्लैग मार्च, रात के समय गश्त, एंटी-सैबोटाज जांच और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों, सरकारी प्रतिष्ठानों, शिक्षण संस्थानों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये गये। थाना प्रभारियों को नियमित फ्लैग मार्च और लोगों के साथ संवाद के माध्यम से पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने को भी कहा गया।

एसएसपी ने प्रभावी यातायात प्रबंधन, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। जालंधर ग्रामीण पुलिस की ओर से स्वतंत्रता दिवस के दौरान शांति, सद्भाव और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए विशेष जांच अभियान, नाकाबंदी, फ्लैग मार्च और गश्त लगातार जारी रखी जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित