श्रीनगर , अगस्त 11 -- श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गयी है।
श्रीनगर के बक्शी स्टेडियम में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम निर्धारित है, जिसे देखते हुए सुरक्षा बलों ने कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा तंत्र को काफी मजबूत कर दिया है।
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) वीके बिरदी ने मंगलवार को कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए न केवल मुख्य कार्यक्रम स्थल पर, बल्कि पूरे शहर और घाटी के विभिन्न जिलों में भी व्यापक सुरक्षा इंतजाम किये जा रहे हैं।
श्री बिरदी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "आप जानते हैं, 15 अगस्त को श्रीनगर में मुख्य समारोह आयोजित होने जा रहा है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था और परेड की तैयारियां चल रही हैं। फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जा रहा है, ताकि श्रीनगर का मुख्य समारोह बेहतर ढंग से संपन्न हो सके। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पूरी घाटी में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस ने केवल श्रीनगर ही नहीं, बल्कि घाटी के विभिन्न जिलों में भी बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम किये हैं। ये व्यवस्थाएं न केवल कार्यक्रम स्थलों पर, बल्कि पूरे शहर के आसपास भी की गयी हैं। इसलिए, इस बार भी व्यवस्थाएं वैसी ही मजबूत रहेंगी।"दक्षिण कश्मीर में हालिया घटनाओं के बाद संभावित आतंकवादी हमलों या अन्य खतरों के संबंध में कोई सुराग मिलने के सवाल पर श्री बिरदी ने कहा कि मामला जांच के अधीन होने के कारण इसका ब्योरा साझा करना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा, " यह जांच का विषय है। इसलिए अभी इसका खुलासा करना उचित नहीं होगा। जब भी ऐसी कोई जानकारी होगी, जिसे आपके साथ साझा किया जाना चाहिए, तो हम सही समय पर उसे जरूर साझा करेंगे।" स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जनता के नाम पुलिस के संदेश के बारे में श्री बिरदी ने कहा कि यह अवसर आम जनता का ही है। उन्होंने नागरिकों से बड़ी संख्या में इन समारोहों में भाग लेने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित