रायपुर , अगस्त 10 -- छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। राजधानी रायपुर के पुलिस मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।

राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण और परेड की सलामी के लिए मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष तथा सांसदों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर में केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और बस्तर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।

राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में वन मंत्री केदार कश्यप, कबीरधाम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ध्वजारोहण करेंगे।

इसी क्रम में रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कांकेर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित