लखनऊ , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन के समक्ष आयोजित राजकीय समारोह में शौर्य और बलिदान की गौरवशाली परंपरा को नमन करते हुए वीर सैनिकों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा, सुरक्षा और सम्मान के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि इन परिवारों के त्याग और योगदान ने भारत का मस्तक गौरवान्वित किया है।
समारोह में मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद लेफ्टिनेंट हरी सिंह बिष्ट की माता शांति बिष्ट तथा शौर्य चक्र विजेता लेफ्टिनेंट कर्नल अमित मोहिंद्रा के पिता एच.एस. मोहिंद्रा को सम्मानित किया गया। शौर्य चक्र से सम्मानित कर्नल भरत सिंह तथा वीर चक्र से सम्मानित शहीद नायक राजा सिंह की पौत्रवधू राजेश्वरी देवी को भी सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन विजय में शहीद मेजर रितेश शर्मा के पिता सत्य प्रकाश शर्मा, वायुयान दुर्घटना में शहीद एनसी पुताली के भाई मुन्नी लाल, ऑपरेशन रक्षक में शहीद नायक अरुण कुमार त्रिपाठी के पिता हवलदार ओमप्रकाश त्रिपाठी तथा नौसैन्य अभियान में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव की माता प्रजेश यादव को भी सम्मानित किया।
इसके अलावा ऑपरेशन पवन में शहीद राजवीर सिंह की पत्नी सुमन देवी, ऑपरेशन रक्षक में शहीद सिग्नलमैन हर्षवर्धन सिंह की पत्नी शमा देवी, सेना मेडल से सम्मानित राजपूत रेजीमेंट के हवलदार पंकज सिंह की पत्नी शक्ति सिंह तथा सेना मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल मेजर प्रभांशु सिंह के बड़े भाई प्रांजल सिंह को भी सम्मान दिया गया।
समारोह में सीआरपीएफ के शहीद रक्षा राम की पत्नी सीता सुंदरी, शहीद दिवाकर तिवारी की पत्नी संतोष तिवारी तथा लांस नायक शहीद बचान सिंह की पत्नी मुन्नी देवी को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित