नई दिल्ली , अगस्त 09 -- राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका इलाके में रविवार को तीसरी महिला बाइक एवं स्कूटी रैली में नारी शक्ति ने आत्मविश्वास और स्वावलंबन के शानदार प्रदर्शन के साथ आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में इस रैली का आयोजन दुर्गा सप्तशती फाउंडेशन ने किया। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस रैली का उद्देश्य महिलाओं की स्वतंत्रता, आत्मविश्वास, साहस, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का संदेश देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत एक जोशीले जुम्बा सत्र से हुई, जिसका नेतृत्व प्रसिद्ध कलाकार और मॉडल शबीना कुरैशी ने किया। इसके बाद पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निगम पार्षद राम निवास गहलोट ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वतंत्रता और सशक्तिकरण को समाज की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर दुर्गा सप्तशती फाउंडेशन की संस्थापक संध्या सिंह ने कहा कि यह रैली हर महिला की स्वतंत्रता, आंतरिक शक्ति, आत्मविश्वास और अपने सपनों को पूरा करने की असीम क्षमता का प्रतीक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित