अमृतसर , अगस्त 14 -- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने पंजाब टेलीकॉम सर्किल में ग्राहकों के लिए तेज इंटरनेट और विभिन्न मुफ्त सेवाओं के विशेष ऑफर पेश किये हैं।
बीएसएनएल के पंजाब टेलीकॉम सर्किल के अधिकारी देवेंद्र पाल महाजन ने शुक्रवार को बताया कि ये ऑफर ग्राहकों को किफायती दरों पर बेहतर दूरसंचार एवं मनोरंजन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किये गये हैं। पंजाब टेलीकॉम सर्किल में एक अगस्त 2026 से 90 दिनों के लिए 'आजादी दिवस ऑफर' लागू किया गया है। इसके तहत एफटीटीएच प्लान 'फाइबर 495' में 100 एमबीपीएस की स्पीड उपलब्ध होगी। ग्राहकों को पहले तीन महीनों के दौरान 'फाइबर बेसिक' प्लान पर 495 रुपये प्रतिमाह की दर से 100 रुपये प्रतिमाह की छूट मिलेगी। यह छूट मुफ्त सेवा अवधि को छोड़कर लागू होगी। नये ग्राहकों के लिए एक विशेष प्रमोशनल ऑफर के तहत प्लान शुरू होने की तारीख से पहले छह महीनों तक प्रति माह 88 रुपये की छूट भी दी जायेगी।
बीएसएनएल ने पेन इंडिया स्तर पर नया ब्रॉडबैंड एफटीटीएच प्लान 'फाइबर सुपर प्लस ओटीटी एफमएमसी' 1,199 रुपये प्रतिमाह में पेश किया है। इसमें जियो हॉटस्टार , लॉयनस गेट एलएलपी, शेमारूमी, हंगामा ऐप, ऐपीकॉन , सोनीलिव, जी5, चौपाल, होए चोए, सबोट, मनोरमा मैक्स और वेव सहित कई ओटीटी सेवाओं का मनोरंजन पैकेज शामिल है। इस अवधि में 2,399 रुपये का रिचार्ज प्लान लेने वाले मौजूदा प्रीपेड मोबाइल ग्राहकों को अतिरिक्त 47 दिनों की वैधता दी जायेगी। इससे प्लान की कुल वैधता 365 दिन से बढ़कर 412 दिन हो जायेगी।नये ग्राहकों के लिए बीएसएनएल एक रुपये के एफआरसी पर मुफ्त सिम भी उपलब्ध करा रहा है। इसमें 24 दिनों तक अनलिमिटेड वॉयस कॉल, प्रतिदिन एक जीबी डेटा और 100 एसएमएस की सुविधा मिलेगी। यह ऑफर 12 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक वैध रहेगा।
बीएसएनएल ने ग्रामीण परिवारों के लिए 259 रुपये प्रतिमाह (जीएसटी अतिरिक्त) का किफायती हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड प्लान भी शुरू किया है। इसमें पहले 700 जीबी डेटा तक 25 एमबीपीएस की स्पीड और उसके बाद 2 एमबीपीएस की स्पीड पर अनलिमिटेड डेटा उपलब्ध होगा। इसके साथ प्रसार भारती (वेवज) प्रीमियम ओटीटी मनोरंजन पैक की मुफ्त सदस्यता भी दी जायेगी।
श्री महाजन ने बताया कि बीएसएनएल अमृतसर और तरनतारन के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर पैदा करने और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी का विस्तार करने के लिए 'भारत नेट उद्यमियों' की नियुक्ति को भी प्रोत्साहित कर रहा है।बीएसएनएल के स्वदेशी 4जी नेटवर्क के विस्तार के साथ डीएसए एजेंट बीएसएनएल सिम कार्ड बेचने, मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी की सुविधा उपलब्ध कराने और प्रीपेड रिचार्ज करने के माध्यम से आकर्षक कमीशन कमा सकते हैं। इच्छुक आवेदक अपने नजदीकी बीएसएनएल कार्यालय या ग्राहक सेवा केंद्र में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित