चंडीगढ़ , अगस्त 14 -- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान, समर्पित सेवाओं और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए 27 प्रतिष्ठित हस्तियों को राज्य पुरस्कार-2026 से सम्मानित करेगी। इन पुरस्कारों के माध्यम से राज्य के लिए गौरव और प्रतिष्ठा लाने वाली हस्तियों के योगदान को मान्यता दी जाएगी।

सरकारी प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में बताया कि वीरता के लिए जगदेव सिंह को राज्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इंदरजीत सिंह, सुरिंदर जगत, सुनीता कपूर, सुखदीप सिंह ढिल्लों, अवतार सिंह मान, डॉ. उपिंदर सिंह घई, जसवीर सिंह, जतिंदर सिंह, विनोद कुमार, अवतार सिंह, प्रदीप कुमार और निर्मल सिंह को समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

साहित्य के क्षेत्र में कहानीकार मेहर मलिक और बेअंत सिंह बाजवा, लेखक संजीव सैनी, बाज सिंह और प्रेमलता तथा कवि एवं लेखक डॉ. मोहम्मद अयूब खान को उनके विशिष्ट साहित्यिक योगदान के लिए राज्य पुरस्कार दिया जाएगा।

कला के क्षेत्र में सतवीर कौर को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। परमजीत कौर कपूर को कला और हस्तकढ़ाई के क्षेत्र में योगदान के लिए राज्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

चिकित्सा एवं पेशेवर क्षेत्र में डॉ परमिंदर सिंह, कमलजीत सिंह, कांता और अशोक कुमार को उनकी विशेषज्ञता और योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और अपने-अपने क्षेत्रों में नये मानदंड स्थापित करने के लिए तलविंदर सिंह और सुखराज भुल्लर को भी राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पंजाब सरकार के अनुसार, राज्य पुरस्कार-2026 के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली इन हस्तियों की सेवाओं को सम्मानित किया जा रहा है। सरकार ने कहा कि इन सम्मानित व्यक्तियों की उपलब्धियां समाज के अन्य लोगों को भी जनसेवा और राज्य की प्रगति में योगदान देनेके लिए प्रेरित करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित