हरिद्वार , अगस्त 14 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने शुक्रवार को सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाते हुए सघन जांच एवं तलाशी अभियान शुरू किया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बरत रही हैं।
इसी कड़ी में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) एवं बीडीएस टीम ने पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहनता से जांच की गई। साथ ही प्रमुख स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा में तैनात सभी टीमों को महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने को कहा गया है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित