जयपुर , अगस्त 15 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय में शनिवार को ध्वजारोहण किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर आयोजित एसीबी महानिदेशक डिस्क (डीजी डिस्क) एवं प्रशस्ति पत्र सम्मान समारोह में असाधारण कार्य प्रदर्शन, कर्तव्यपरायणता एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 64 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
श्री गुप्ता ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान सरकार की भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुरूप एसीबी की पूरी टीम द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट लोकसेवकों के विरुद्ध कार्रवाई में ईमानदारी, मेहनत और पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किये जा रहे अधिकारी एवं कर्मचारी अपने उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से एसीबी की कार्य संस्कृति एवं प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एसीबी की पूरी टीम भविष्य में भी इसी लगन, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते हुए आमजन को भ्रष्टाचार के प्रति अधिक से अधिक सजग एवं जागरूक करेगी।
समारोह में डीजी डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र से ब्यूरो के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों में एस. परिमला, महानिरीक्षक, एसीबी जयपुर, डॉ. रामेश्वर सिंह, उप महानिरीक्षक प्रशासन, एसीबी जयपुर, ओमप्रकाश मीना, उप महानिरीक्षक द्वितीय, एसीबी जयपुर, नारायण टोगस, उप महानिरीक्षक, एसीबी अजमेर को सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित