टिहरी , अगस्त 15 -- उत्तराखंड के टिहरी में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना कैम्पटी पुलिस ने अगलाड़ पुल के पास एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 जिंदा अवैध 12 बोर कारतूस बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सघन चेकिंग के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के पर्यवेक्षण में थाना कैम्पटी पुलिस द्वारा 14 अगस्त को विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित