टिहरी , मई 3 -- स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी विकास विभाग की ओर से उत्तराखंड के बौराड़ी में स्वच्छ सर्वेक्षण मानकों पर क्षेत्रीय स्तरीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए केवल नगर निकाय ही नहीं, बल्कि सभी विभागों और आम जनता की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों से शहरवासियों को सिटीजन फीडबैक देने के लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के निकायों को मजबूत बनाने में सरकार के सहयोग की आवश्यकता भी बताई।
कार्यशाला में टिहरी जिले के 11 और उत्तरकाशी जिले के छह निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं सफाई निरीक्षक शामिल हुए। शहरी विकास विभाग के सहायक निदेशक शांति प्रसाद जोशी ने बताया कि यह कार्यक्रम केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित