नयी दिल्ली , मार्च 29 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सौर ऊर्जा अभियान से जुड़कर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा है कि 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के माध्यम से देश में सौर ऊर्जा को लेकर व्यापक बदलाव आया है। यह आम नागरिक को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाता है इसलिए सबको इस अभियान से जुड़ना चाहिए।

श्री मोदी ने रविवार को आकाशवाणी से प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' की 132वीं कड़ी में कहा कि देश के छोटे-बड़े शहरों में घरों की छतों पर बड़ी संख्या में आज सौर पैनल लगे दिखाई दे रहे हैं। कुछ वर्ष पहले ये बहुत कम देखने को मिलते थे लेकिन अब इस योजना का प्रभाव देश के कोने-कोने में दिखाई देने लगा है।

उन्होंने इस सन्दर्भ में गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले की पायल मुंजपारा का उदाहरण दिया और कहा कि उनके जीवन में इस योजना से बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने सौर ऊर्जा से जुड़ी पहल के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चार महीने का सौर तकनीशियन पाठ्यक्रम पूरा किया और अब एक कुशल सौर तकनीशियन के रूप में कार्य कर रही हैं। वह आसपास के जिलों में छतों पर सौर संयंत्र लगाने का काम कर रही हैं और इससे उन्हें प्रतिमाह अच्छी आय हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित