बैतूल , अक्टूबर 02 -- महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बैतूल शहर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। गांधी चौक और कोठी बाजार क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री डीडी उइके, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर ने झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई। गांधी प्रतिमा पर जनेऊ भी पहनाया गया। इसके बाद कोठी बाजार मंडल के बूथ क्रमांक 72 में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सफाई में सहभागिता करते हुए लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि महात्मा गांधी स्वच्छता को स्वस्थ समाज का आधार मानते थे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन चलने वाला अभियान नहीं है, बल्कि इसे रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता की जिम्मेदारी ले तो शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा कपड़े की थैलियों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान लोगों को कपड़े की थैलियां भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में नगर पालिका की ओर से स्वच्छता कार्य में योगदान देने वाले 10 सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। आयोजकों ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की भूमिका शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण है और उनके कार्य के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना जरूरी है।

अभियान के दौरान नागरिकों को स्वच्छता के साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए भी जागरूक किया गया। लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष महेश राठौड़, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रम वेद, मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि अजय वर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी, नगर पालिका के कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित