नयी दिल्ली , जून 17 -- दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल स्वच्छता और नागरिक उत्तरदायित्व के मार्ग पर चलकर ही प्राप्त किया जा सकता है।

श्री गुप्ता ने आज चांदनी चौक स्थित जैन लाल मंदिर एवं गौरी शंकर मंदिर में स्वच्छता अभियान में शामिल होकर श्रमदान करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं सतत दिल्ली के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प को सुदृढ़ करना था।

उन्होंने कहा कि "विकसित भारत 2047" का लक्ष्य केवल स्वच्छता और नागरिक उत्तरदायित्व के मार्ग पर चलकर ही प्राप्त किया जा सकता है। "स्वच्छ भारत, विकसित भारत" के संदेश को दोहराते हुए उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा इसे दैनिक आदत के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं गरिमा बनाये रखने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा राष्ट्रीय राजधानी को स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि विश्व के सर्वाधिक जनसंख्या घनत्व वाले शहरी केन्द्रों में से एक होने के साथ-साथ प्रतिदिन 50 लाख से अधिक लोगों की आवाजाही के कारण दिल्ली अनेक विशिष्ट नागरिक एवं पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करती है। इन चुनौतियों का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता, व्यवहार परिवर्तन और निरंतर सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित