फरीदाबाद , जून 14 -- हरियाणा में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को फरीदाबाद के एनआईटी-1 मार्केट स्थित 1-2 चौक पर स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मुख्य अतिथि रहे।

श्री गुर्जर कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा दायित्व है।

इसके बाद सेक्टर-28 स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने फरीदाबाद के गांव फतेहपुर बिल्लोच के 148 पात्र लाभार्थियों को 100-100 गज के प्लॉटों की रजिस्ट्री वितरित कर मालिकाना हक सौंपा। उन्होंने कहा कि यह केवल जमीन का दस्तावेज नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य की नींव है।

श्री गुर्जर ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जन औषधि केंद्र और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित