जौनपुर , अक्टूबर 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू, फरुई और तसला लेकर मार्गों की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान की शुरुआत खड़का तिराहे स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जगदीशपुर रेलवे क्रासिंग से लाइन बाजार होते हुए वाजिदपुर ,लोहिया पार्क तक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे और आसपास जमा कूड़े के ढेर को जेसीबी मशीन की मदद से उठाकर डंपर में भरवाया गया और निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया। अभियान का समापन पॉलिटेक्निक चौराहे के पास स्थित लोहिया पार्क के समीप हुआ।
श्री सिंह ने कहा कि "स्वच्छता बेहतर समाज की नींव है। इसे केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं माना जा सकता। जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।" उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से बेहतर समाज और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे गंदगी और कूड़े के ढेर भी दिखाई दिए। जिस पर श्री सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जौनपुर में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ नागरिकों की सहभागिता को प्रोत्साहित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित