मुरादाबाद , सितंबर 06 -- उत्तर रेलवे के दिल्ली-रेवाड़ी खंड में दिल्ली सराय रोहिल्ला-पटेल नगर-दिल्ली कैंट-पालम स्टेशनों के मध्य स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली के कमीशनिंग कार्य के सिलसिले में आगामी सात अक्टूबर को छह घंटे का यातायात अवरुद्व किया जाएगा।
वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने रविवार को बताया कि इस तकनीकी कार्य के चलते छह एवं सात अक्टूबर को रेलगाड़ियों के सामान्य परिचालन में बदलाव किया गया है, जिसके तहत कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा तथा एक ट्रेन को री-शेड्यूल किया गया है। परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनों में गाड़ी संख्या 14321 बरेली-भुज एक्सप्रेस शामिल है, जो सात अक्टूबर को अपने निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग दिल्ली-रोहतक-भिवानी-रेवाड़ी होकर संचालित होगी, जिस वजह से इस ट्रेन का दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट, पालम, गुड़गांव, गढ़ी हरसरू तथा पटौदी रोड स्टेशनों पर ठहराव नहीं रहेगा।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 14312 भुज-बरेली एक्सप्रेस छह अक्टूबर को रेवाड़ी-भिवानी-रोहतक-दिल्ली मार्ग से परिवर्तित होकर चलेगी, जिससे इसका पटौदी रोड, गढ़ी हरसरू जंक्शन, गुड़गांव, पालम और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। इसके अतिरिक्त, छह अक्टूबर को चलने वाली गाड़ी संख्या 09203 वेरावल-हरिद्वार जंक्शन विशेष गाड़ी भी रेवाड़ी-भिवानी-रोहतक-दिल्ली मार्ग से चलाई जाएगी, जिसके चलते इसका गुड़गांव स्टेशन पर ठहराव प्रभावित रहेगा। वहीं, गाड़ी संख्या 15715 किशनगंज-अजमेर जंक्शन गरीब नवाज एक्सप्रेस को पुनर्निर्धारित किया गया है, जो छह अक्टूबर को किशनगंज से अपने निर्धारित समय सुबह 05:50 बजे के स्थान पर 2 घंटे 40 मिनट की देरी से सुबह 08:30 बजे प्रस्थान करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित