बारां , मार्च 31 -- राजस्थान में बारां के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्मैक मिलाकर इंजेक्शन बेचने वाले संगठित गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है।
आरोपी पिछले करीब ढाई महीने से फरार था।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि रियासत अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह शहर में नशे के आदी लोगों को एविल इंजेक्शन में स्मैक पाउडर मिलाकर बेचने का काम करता था। गिरोह के सदस्य संगठित होकर नशे का नेटवर्क चला रहे थे, जिससे आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी परेशान थे।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के पांच अन्य सदस्यों शकीर उर्फ भैया, हसन, अनवर अली, महेंद्र जाटव उर्फ महेंद्र साट्या और जशोदा बाई पत्नी महेंद्र यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के अपराध को गंभीर मानते हुए न्यायालय ने उनकी जमानत भी खारिज कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि शकीर उर्फ भैया, हसन और अनवर अली नशा करने वालों तक स्मैक मिले इंजेक्शन पहुंचाते थे। वहीं महेंद्र साट्या और जशोदा बाई स्मैक उपलब्ध कराते थे, जबकि गिरफ्तार आरोपी रियासत अली एविल इंजेक्शन की व्यवस्था करता था।
पुलिस ने आरोपी रियासत अली को 30 मार्च को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को उसे अनुसंधान के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित