लखीमपुर खीरी , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पलिया कस्बे में स्मैक तस्करों के दो गुटों के बीच गैंगवार हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हवाई फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें एक गुट के सरगना अनमोल गुप्ता का सिर फूट गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे में स्मैक तस्करी को लेकर अनमोल गुप्ता और अंकित मालिया के गिरोह के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ हवाई फायरिंग की घटना हुई। घटना में अनमोल गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि हाल ही में इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर स्मैक तौलकर बेचने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद दोनों गिरोहों के बीच तनाव बढ़ गया और यह विवाद गैंगवार में बदल गया।

सूत्रों के अनुसार पुलिस ने अंकित मालिया को पहले ही जिला बदर कर रखा है। इसके बावजूद उसके गिरोह की सक्रियता को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र होने के कारण यहां स्मैक का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। युवाओं में नशे की लत बढ़ती जा रही है। शुरुआत में युवाओं को मुफ्त में नशा दिया जाता है और बाद में लत लगने पर वे इसे खरीदने के लिए अपराध तक करने लगते हैं।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित