भोपाल , सितंबर 18 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपी नगर जोन-1 स्थित मेट्रो ब्रिज के पास स्मैक बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे दो युवकों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.53 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। क्राइम ब्रांच की टीम को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेट्रो ब्रिज के पास मैदान में दो युवक मादक पदार्थ लेकर बैठे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान हर्षवर्धन नगर निवासी 28 वर्षीय कार्तिक राजपूत और आनंद नगर निवासी 21 वर्षीय सूरज कुशवाह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार्तिक की पैंट की जेब से रेडमी मोबाइल और कागज की पुड़िया तथा सूरज के पास से वीवो मोबाइल और कागज की पुड़िया बरामद हुई। दोनों पुड़ियों में स्मैक थी, जिसका कुल वजन 3.53 ग्राम निकला।

पुलिस के अनुसार कार्तिक राजपूत नौवीं तक पढ़ा है और निजी चालक का काम करता है। उसके विरुद्ध एमपी नगर, बागसेवनिया, रातीबड़, श्यामला हिल्स और अयोध्या नगर थानों में चोरी, नकबजनी और लूट सहित 14 अपराध दर्ज हैं। वहीं दूसरा आरोपी सूरज आठवीं तक पढ़ा है और ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे स्मैक कहां से खरीदकर लाए थे और इसे किन लोगों को सप्लाई करने वाले थे। दोनों के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित