अमेठी , जुलाई 6 -- एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंची पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता स्मृति ईरानी ने सोमवार को गौरीगंज के दिवंगत पूर्व भाजपा विधायक तेजभान सिंह के पैतृक आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने तेजभान सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।

मीडिया से बातचीत में स्मृति ईरानी ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव अभियान की यादें साझा करते हुए कहा, "जब मैं पहली बार 2014 में अमेठी आई थी, तब कार्यकर्ताओं द्वारा लगाया जाने वाला 'तेज विधायक, तेजभान सिंह' का नारा सुना था। वह नारा आज भी मुझे याद है।"उन्होंने दिवंगत नेता को जुझारू, कर्मठ और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि तेजभान सिंह अमेठी के जन-जन की स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन के शीर्ष नेतृत्व के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाले नेताओं में तेजभान सिंह का महत्वपूर्ण स्थान था और उनका सार्वजनिक जीवन संघर्ष एवं जनसेवा के लिए याद किया जाएगा।

श्रीमती ईरानी ने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है।

गौरतलब है कि गौरीगंज से चार बार भाजपा विधायक रहे तेजभान सिंह का शनिवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में बीमारी के दौरान निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन पर शोक व्यक्त किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित