अमेठी , अगस्त 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मिली यह जिम्मेदारी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, रेखा वर्मा सहित आठ नेताओं को स्थान दिया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से स्मृति ईरानी को यह अहम दायित्व सौंपा गया है।
स्मृति ईरानी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी संसदीय सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पराजित कर राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का केंद्र बनी थीं। हालांकि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें अमेठी सीट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद पहली बार पार्टी ने उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
राजनीतिक रूप से मुखर और आक्रामक शैली के लिए पहचानी जाने वाली स्मृति ईरानी लंबे समय तक अमेठी की राजनीति में सक्रिय रहीं और कांग्रेस तथा गांधी परिवार पर लगातार हमलावर रहीं। केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने मानव संसाधन विकास तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी संभाली है।
अमेठी संसदीय क्षेत्र लंबे समय तक कांग्रेस और गांधी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है। वर्ष 2004 से 2019 तक राहुल गांधी लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे, लेकिन 2019 में स्मृति ईरानी ने उन्हें पराजित कर भाजपा के लिए ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।
स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद अमेठी में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताई है। जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियों को मजबूत कर रही है और स्मृति ईरानी की नियुक्ति को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित