रायपुर , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी को बधाई देते हुए बुधवार को कहा कि उनके सामने राज्य भाजपा की कथित गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के असंतोष से निपटना बड़ी चुनौती होगी।

श्री बैज ने कहा कि किसे प्रदेश प्रभारी बनाना है, यह भाजपा का संगठनात्मक निर्णय है और कांग्रेस स्मृति ईरानी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश भाजपा में अंदरूनी मतभेद हैं और सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष है। उन्होंने यह भी दावा किया कि वरिष्ठ नेताओं और विधायकों की उपेक्षा हो रही है तथा सरकार में पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने महंगाई के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरते हुए कहा कि स्मृति ईरानी पूर्व में महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर आंदोलन करती रही हैं। कांग्रेस उनके छत्तीसगढ़ आने पर गैस सिलेंडर, खाद्य तेल, शक्कर, राशन सामग्री, कपड़े, साबुन और दवाइयों की बढ़ती कीमतों को लेकर उनसे सवाल करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित