शाहजहांपुर , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को शाहजहांपुर में राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत 4.62 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए गांधी भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि करीब 350 करोड़ रुपये की स्मार्ट सिटी परियोजनाओं से शहर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।

टाउन हॉल परिसर में आयोजित समारोह में श्री खन्ना ने फीता काटकर गांधी भवन का उद्घाटन किया इस दौरान खन्ना कहा कि लंबे समय से जर्जर अवस्था में रहे गांधी भवन को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया गया है। यह भवन शहर की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है और अब नए स्वरूप में नागरिकों को समर्पित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शाहजहांपुर को राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत लगभग 350 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इन परियोजनाओं के तहत सड़कों के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शाहजहांपुर प्रदेश के विकसित शहरों की श्रेणी में शामिल होगा।

वित्त मंत्री ने शहर में अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त करते हुए दुकानदारों से सड़क पर सामान न रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार किया जाए ताकि यातायात सुचारु रहे और शहर की सुंदरता बनी रहे। उन्होंने महापौर और नगर आयुक्त को मुख्य मार्गों पर रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि गांधी भवन शहर की सांस्कृतिक धरोहर है और इसके आधुनिकीकरण से इसे नई पहचान मिली है। सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि वित्त मंत्री के प्रयासों से शाहजहांपुर में विकास कार्यों को नई गति मिली है, जबकि राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने गांधी भवन के नवीनीकरण को शहर के सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित