चंडीगढ़ , मार्च 10 -- चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी के खाते से नगर निगम के खाते में स्थानांतरित किए जाने वाले करीब 108 करोड़ रुपये में कथित घोटाले के सामने आने पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लकी ने गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया है।
श्री लकी ने कहा कि यह मामला बेहद चौंकाने वाला है और इतनी बड़ी राशि में अनियमितता शहर की जनता के साथ विश्वासघात के समान है। उन्होंने कहा कि यदि स्मार्ट सिटी के खाते से नगर निगम को मिलने वाली राशि में इस तरह की गड़बड़ी हुई है, तो यह प्रशासनिक तंत्र की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि एक ओर नगर निगम आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और कर्मचारियों को समय पर वेतन देने में भी कठिनाई हो रही है, वहीं दूसरी ओर इतनी बड़ी राशि से जुड़ा मामला सामने आना चिंता का विषय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित