जौनपुर , अप्रैल 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य पर फिलहाल रोक लगा दी गई है और आम जनता को इसको लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। जौनपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार और ऊर्जा मंत्री के स्तर पर निर्णय लेते हुए स्मार्ट मीटर की स्थापना पर रोक लगाई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि वर्तमान में नए स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी को कानून, संविधान और लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है तथा वह अपने हितों के अनुसार कार्य करती है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को संविधान के दायरे में रहकर काम करने की सलाह दी और दावा किया कि आगामी समय में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन सकती है।
कांग्रेस सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी की उन्होंने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे राजनीतिक दिवालियापन बताया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के प्रति इस प्रकार की भाषा का प्रयोग अनुचित और निंदनीय है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संबंध में उन्होंने कहा कि विधेयक पारित हो चुका है, लेकिन इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए परिसीमन और जनगणना जैसी संवैधानिक प्रक्रियाओं का पूरा होना आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित